Baba Siddiqui Murder Case: दिल्ली। मुंबई के बहुचर्चित बाबा सिद्दीकी हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में मुंबई पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस मामले के मुख्य आरोपी शिवकुमार को अन्य साथियों सहित यूपी एसटीएफ ने धर दबोचा।
Baba Siddiqui Murder Case: महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या के मुख्य शूटर शिव कुमार उर्फ़ शिवा को उसके चार अन्य साथियों सहित एसटीएफ और मुंबई पुलिस ने रविवार को बहराइच के नानपारा क्षेत्र से गिरफ्तार किया। सूत्रों के अनुसार, शिव कुमार ने बाबा सिद्दीकी पर कई गोलियां चलाईं थीं, जिससे उनकी मौत हो गई। इसके बाद शिव कुमार अपनी पिस्टल फेंककर भाग गया था, जबकि दो अन्य शूटरों को पुलिस ने मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया था।
पूछताछ के दौरान खुलासा
Baba Siddiqui Murder Case: एडीजी (कानून-व्यवस्था) अमिताभ यश ने बताया कि शिव कुमार ने खुलासा किया कि महाराष्ट्र के शुभम लोनकर और जालंधर निवासी मोहम्मद यासीन अख्तर उसके हैंडलर थे। उन्होंने ही बाबा सिद्दीकी की लोकेशन और हथियार उपलब्ध कराए थे। शिव कुमार ने यह भी बताया कि शुभम लोनकर लारेंस बिश्नोई गैंग के लिए काम करता था और कई बार उसकी बातचीत लारेंस के भाई अनमोल बिश्नोई से भी कराई गई थी। हत्या के बाद शिव कुमार को 10 लाख रुपये मिलने का वादा किया गया था और हर महीने कुछ अतिरिक्त पैसे देने का आश्वासन भी मिला था।
नेपाल भागने की योजना
घटना के बाद तीनों शूटरों की मुलाकात जम्मू के कटरा में होनी थी, लेकिन दो शूटरों की गिरफ्तारी से यह योजना नाकाम हो गई। शिव कुमार नेपाल भागने में सफल रहा और नेपालगंज की एक गोशाला में शरण ली। रविवार को उसकी बहराइच में वापसी की जानकारी मिलने पर एसटीएफ ने डिप्टी एसपी प्रमेश कुमार शुक्ला के नेतृत्व में टीम के साथ, मुंबई पुलिस के सहयोग से शिव कुमार और उसके साथियों को गिरफ्तार कर लिया।
Discover more from UNITED INDIA LIVE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.











