UNITED INDIA LIVE

sach k sath sada..

header

Delhi News

CJP फाउंडर अभिजीत दिपके का यू-टर्न, एयरपोर्ट आने से समर्थकों को रोका

United India Live

दिल्ली। भारत वापसी से पहले कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने अपनी पुरानी अपील में बदलाव करते हुए समर्थकों से दिल्ली एयरपोर्ट न पहुंचने की गुजारिश की है। 4 जून की रात जारी एक वीडियो संदेश में उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट पर भीड़ लगाने की आवश्यकता नहीं है।

कुछ दिन पहले उन्होंने खुद समर्थकों से एयरपोर्ट आने की अपील की थी, लेकिन अब उनका कहना है कि उम्मीद से ज्यादा लोगों का समर्थन मिलने के कारण बड़ी संख्या में लोग पहुंच सकते हैं, जिससे आम लोगों और सुरक्षा एजेंसियों को दिक्कत हो सकती है।

अभिजीत ने कहा कि वह एयरपोर्ट से सीधे पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन जाएंगे और जंतर-मंतर पर प्रस्तावित शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए अनुमति मांगेंगे। उन्होंने समर्थकों से कहा कि वे एयरपोर्ट की बजाय सीधे जंतर-मंतर पहुंचें।

इससे पहले अभिजीत ने दावा किया था कि भारत पहुंचने के बाद एयरपोर्ट पर उनकी गिरफ्तारी भी हो सकती है। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर 6 जून को जंतर-मंतर पर CJP प्रदर्शन की तैयारी कर रही है।

पार्टी ने प्रदर्शन में आने वाले लोगों से धूप और गर्मी को देखते हुए टोपी, पानी और जरूरी सावधानियां अपनाने की अपील की है। साथ ही लोगों से कहा गया है कि खाली पेट प्रदर्शन में न पहुंचें।

4 जून को दिल्ली में आयोजित पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस में CJP के नेताओं ने अपनी मांगों को दोहराते हुए कहा कि वे इस मुद्दे पर सरकार और विपक्ष दोनों से बातचीत करने को तैयार हैं।

पार्टी के प्रवक्ता सौरव दास ने CBSE चेयरमैन और सचिव के तबादलों को सिर्फ प्रतीकात्मक कदम बताते हुए कहा कि शिक्षा व्यवस्था में वास्तविक जवाबदेही तय किए बिना हालात नहीं बदलेंगे।

अभिजीत दिपके 6 जून को अमेरिका से दिल्ली पहुंचेंगे। इसके बाद वे प्रदर्शन की अनुमति लेने के लिए संसद मार्ग थाने जाने वाले हैं। पार्टी ने देशभर के युवाओं से इस आंदोलन में शामिल होने की अपील की है।

पार्टी नेताओं का दावा है कि जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हो सकते हैं। उनका कहना है कि यह आंदोलन शिक्षा व्यवस्था और राजनीतिक सिस्टम को लेकर युवाओं की नाराजगी का प्रतीक बनता जा रहा है।

कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत सोशल मीडिया पर हुई थी। यह प्लेटफॉर्म भारत के चीफ जस्टिस की ‘कॉकरोच’ टिप्पणी के बाद चर्चा में आया। पार्टी के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर करोड़ों फॉलोअर्स होने का दावा किया जाता है।

30 वर्षीय अभिजीत दिपके महाराष्ट्र के संभाजीनगर के रहने वाले हैं और डिजिटल मीडिया रणनीति के क्षेत्र से जुड़े रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वर्तमान में अमेरिका में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।

अभिजीत पहले आम आदमी पार्टी के सोशल मीडिया अभियान से भी जुड़े रहे हैं। बाद में पढ़ाई और निजी कारणों से उन्होंने राजनीति से दूरी बनाकर अमेरिका का रुख किया। हालांकि सोशल मीडिया पर वे लगातार राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर सक्रिय रहे हैं।

 "United India Live" एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार पोर्टल है, जो निष्पक्षता, सत्यता और निर्भीक पत्रकारिता के सिद्धांतों पर कार्य करता है। हमारा उद्देश्य है जनता तक सटीक, तटस्थ और प्रमाणिक समाचार पहुंचाना, वह भी बिना किसी पक्षपात और दबाव के। हम देश-दुनिया की राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन, तकनीक और जनहित के मुद्दों को पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत करते हैं। "United India Live" सिर्फ खबर नहीं देता, बल्कि समाज को जागरूक करने और लोकतंत्र को सशक्त करने का एक माध्यम है। हमारी पत्रकारिता की पहचान है – निष्पक्षता, निडरता और सच्चाई।